भोपाल - मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज मंगलवार को मंत्रालय में हुई कैबिनेट बैठक में कई बड़े निर्णय लिए गए हैं। निर्णयों की जानकारी देते हुए मंत्री चैतन्य कश्यप ने बताया कि ,कबिनेट ने सरदार सरोवर परियोजना के 25,600 से अधिक विस्थापित परिवारों को बड़ी राहत देते हुए उनके आवासीय भूखंडों का पंजीयन और स्टाम्प ड्यूटी नि:शुल्क करने का फैसला किया है।
इसके अलावा कृषि क्षेत्र को मजबूती देने के लिए मैहर और कटनी जिलों में 620 करोड़ रुपये की दो नई सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिससे लगभग 23,500 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुनिश्चित होगी। साथ ही, कैबिनेट ने संबल 2.0 और कामधेनु योजना सहित 6 विभागों की 10 प्रमुख योजनाओं को अगले पांच वर्षों 2030-31 तक जारी रखने के लिए 15,000 करोड़ रुपये से अधिक का बजट स्वीकृत किया है।