विश्व आर्द्रभूमि दिवस की पूर्व संध्या पर लखनऊ में बृहद हस्ताक्षर अभियान



 लखनऊ। विश्व आर्द्रभूमि दिवस की पूर्व संध्या पर शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, लखनऊ महानगर द्वारा चौक स्टेडियम में आर्द्रभूमि संरक्षण को लेकर एक बृहद हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में जल, पर्यावरण एवं जैव विविधता संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता उत्पन्न करना था।

इस अवसर पर कार्यक्रम का उद्घाटन बीरबल साहनी इंस्टिट्यूट ऑफ पेलियोबॉटनी के निदेशक प्रो. महेश ठक्कर द्वारा किया गया। उन्होंने आर्द्रभूमियों को प्रकृति का जीवन स्रोत बताते हुए उनके संरक्षण को समय की आवश्यकता बताया। कार्यक्रम में क्षेत्र संयोजक (पर्यावरण शिक्षा), पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं अवध प्रांत डॉ. कीर्ति विक्रम सिंह ने कहा कि आर्द्रभूमियों का संरक्षण ही जल संकट का स्थायी समाधान है। उन्होंने कहा - 

“प्रकृति संरक्षण ही सच्चा राष्ट्र धर्म है।”
“आर्द्रभूमियाँ बचेंगी, तभी जल बचेगा,
जल बचेगा, तभी जीवन और राष्ट्र बचेगा।”

इस अवसर पर पर्यावरण शिक्षा के सह-संयोजक श्री के. बी. पंत की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन लखनऊ महानगर संयोजक श्री जसपाल सिंह द्वारा किया गया। बड़ी संख्या में नागरिकों ने हस्ताक्षर कर आर्द्रभूमियों के संरक्षण का संकल्प लिया।