नई दिल्ली(नेशनल डेस्क) - रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारत की दृढ़ इच्छाशक्ति और क्षमता का प्रतीक है। इस ऑपरेशन ने दुनिया को यह संदेश दिया है कि भारत हर चुनौती का जवाब देने के लिए हमेशा तैयार है। आज नई दिल्ली में नौसेना कमांडरों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने पाकिस्तान को अपने तटीय क्षेत्रों में सीमित रहने पर मजबूर करने के लिए भारतीय नौसेना की सराहना की है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि दुनिया ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान नौसेना की परिचालन तत्परता, पेशेवर क्षमता और ताकत देखी। उन्होंने हिंद महासागर में भारतीय नौसेना की उपस्थिति को मित्र देशों के लिए सुकून और दुश्मनों के लिए बेचैनी की बात कही।
रक्षा मंत्री ने कहा कि आज हिंद महासागर समकालीन भू-राजनीतिक केंद्र बन गया है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि भारतीय नौसेना ने अपनी बहुआयामी क्षमता से इस क्षेत्र में नेतृत्वकारी भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में पिछले छह महीनों में, जहाजों, पनडुब्बियों और नौसेना के विमानों को अभूतपूर्व पैमाने पर तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त, भारतीय नौसेना ने तीन सौ 35 व्यापारी जहाजों को सुरक्षित मार्ग भी उपलब्ध कराया है जिसका व्यापार मूल्य पांच अरब 60 करोड़ डॉलर है।