नई दिल्ली(डेस्क) : नासा-इसरो सिंथेटिक अपर्चर रडार 'निसार' उपग्रह का आज शाम सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया गया। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन -इसरो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि यह प्रक्षेपण आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से जीएसएलवी-एफ16 रॉकेट के माध्यम से किया गया।
निसार, नासा और इसरो का एक संयुक्त अभियान है। इसका उद्देश्य पृथ्वी की भूमि और बर्फीली सतहों का अध्ययन करना है। यह एक एल और एस-बैंड, वैश्विक, माइक्रोवेव इमेजिंग मिशन है, जिसमें पूर्ण रूप से पोलरिमेट्रिक और इंटरफेरोमेट्रिक डेटा प्राप्त करने की क्षमता है। निसार का अनूठा डयूअल-बैंड सिंथेटिक अपर्चर रडार उच्च रिज़ॉल्यूशन और बड़े क्षेत्र की तस्वीरें प्रदान करता है। निसार हर 12 दिनों में द्वीपों, समुद्री बर्फ और चुनिंदा महासागरों सहित वैश्विक भूमि और बर्फ से ढकी सतहों की तस्वीरें लेगा।