नौ अप्रैल को स्वास्थ्य केन्द्रों पर आयोजित होंगे अंतरा दिवस



  • प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के साथ होगा आयोजन

उन्नाव, 5 अप्रैल 2021 - हर माह की नौ तारीख़ को आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री सुरक्षित  मातृत्व अभियान (पीएमसएमए) के दिन इस माह सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों (सीएचसी) प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों(पीएचसी) और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर विशेष अन्तरा दिवस का आयोजन किया जायेगा | यह जानकारी परिवार नियोजन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. विजय कुमार गुप्ता ने दी | उन्होंने  बताया- इस दिन महिला लाभार्थियों को त्रैमासिक गर्भ निरोधक इंजेक्शन अंतरा की सेवा प्रदान की जाएगी |
नोडल अधिकारी ने बताया- इस दिवस को मनाने का उद्देश्य यह है कि कोरोना काल में भी परिवार नियोजन कार्यक्रमों को गति दी जाये |  इस अभियान के आयोजन के द्वारा महिला लाभार्थियों को अधिक से अधिक त्रैमासिक गर्भ निरोधक इंजेक्शन अंतरा के बारे में जागरूक करना व उन्हें इसका लाभ प्रदान करना है | इस कार्यक्रम में महिलाओं को यह बताया जायेगा कि अनचाहे गर्भ से बचने के लिए महिलाओं के पास बास्केट ऑफ़ चॉइस है जिसमें त्रैमासिक गर्भ निरोधक इंजेक्शन अंतरा के साथ आईयूसीडी, गर्भनिरोधक गोलियां आदि विकल्प मौजूद हैं लेकिन इनमें से अन्तरा इंजेक्शन सबसे ज्यादा उपयोगी है |

डा. विजय ने बताया- यह इंजेक्शन केवल महिलाओं के लिए ही है और तीन माह में एक बार लगाया जाता है | महिलाएं अंतरा केयरलाइन 1800-103-3044 से जुड़ सकती हैं | अन्तरा इंजेक्शन से सम्बंधित जो भी आशंकाएं हैं वह उपरोक्त  टोल फ्री नम्बर पर बात कर  उन आशंकाओं का समाधान पा  सकती हैं | अन्तरा इंजेक्शन लगवाते ही इस केयरलाइन 1800-103-3044 पर अपने को पंजीकृत करवाना जरूरी होता है | अंतरा की पहली डोज लगते ही लाभार्थी महिला को इस नम्बर पर कॉल कर अपना नाम पंजीकृत करवाना है ताकि उन्हें उसके बाद समय पर ही इंजेक्शन सम्बन्धी परामर्श की सुविधा मिलती रहती है | रजिस्टर्ड होने के बाद महिला को केयर लाइन से अगले इंजेक्शन की तारीख भी याद दिलाई जाती जाती है |