लखनऊ । महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर 15 फरवरी 2025 को राजधानी के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक यातायात व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है। यह विशेष डायवर्जन व्यवस्था 14 फरवरी 2025 की रात्रि 12 बजे से आवश्यकतानुसार प्रभावी रहेगी, ताकि मनकामेश्वर मंदिर, बुद्धेश्वर मंदिर सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनी रहे और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
जारी निर्देशों के अनुसार डालीगंज इक्का तांगा स्टैण्ड चौराहा से सामान्य यातायात मनकामेश्वर मंदिर बंधा रोड होते हुए हनुमान सेतु तिराहे की ओर नहीं जा सकेगा। ऐसे वाहन आईटी चौराहा या डालीगंज पुल होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। मनकामेश्वर मंदिर ढाल तिराहा से मंदिर की ओर किसी भी प्रकार का यातायात प्रतिबंधित रहेगा। नदवा बंधा तिराहे से भी मनकामेश्वर मंदिर की दिशा में वाहन नहीं जा सकेंगे और उन्हें आईटी चौराहा अथवा सुभाष चौराहा होकर जाना होगा।बुद्धेश्वर मंदिर क्षेत्र में भी व्यापक प्रतिबंध लागू रहेंगे। बुद्धेश्वर चौराहा की ओर से मंदिर की तरफ सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे और यातायात को बुद्धेश्वर ओवरब्रिज से होकर भेजा जाएगा। पाल तिराहा से बुद्धेश्वर चौराहा की दिशा में भी वाहनों का आवागमन रोका जाएगा। आगरा एक्सप्रेस-वे की तरफ से सीतापुर रोड की ओर जाने वाले वाहन मोहान मोड़ से तिकोनिया तिराहा होते हुए बुद्धेश्वर ओवरब्रिज के जरिए आगे बढ़ेंगे। दुबग्गा तिराहा से तिकोनिया तिराहा या बाराबिरवा चौराहा की ओर जाने वाले वाहन भी ओवरब्रिज मार्ग से ही संचालित होंगे। बाराबिरवा चौराहा या मानकनगर से सीतापुर रोड अथवा दुबग्गा की ओर जाने वाले वाहन भी बुद्धेश्वर ओवरब्रिज के ऊपर से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।नहर पुल चौराहा (काकोरी मोड़) से सामान्य यातायात बंद्धेश्वर चौराहा, दुबग्गा चौराहा या तिकोनिया तिराहा की ओर नहीं जा सकेगा। ऐसे वाहन पारा थाना के सामने से होते हुए तिकोनिया तिराहा और बुद्धेश्वर ओवरब्रिज मार्ग का उपयोग करेंगे। बालागंज चौराहा से सामान्य यातायात कोनेश्वर मंदिर, घंटाघर तिराहा, चौक चौराहा या चरक चौराहा की ओर नहीं जा सकेगा। इसके स्थान पर वाहनों को हरीनगर होते हुए बंधा ग्रीन कॉरिडोर मार्ग और कुड़ियाघाट के रास्ते भेजा जाएगा। इसी प्रकार चरक चौराहा से चौक या कोनेश्वर मंदिर की ओर जाने वाला यातायात रूमी गेट, कुड़ियाघाट और बंधा ग्रीन कॉरिडोर मार्ग से संचालित किया जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सामान्य यातायात के लिए निर्धारित डायवर्जन मार्गों के अतिरिक्त चिकित्सकीय आपात स्थिति में एम्बुलेंस, फायर सर्विस, स्कूल वाहन और शव वाहन को आवश्यकतानुसार प्रतिबंधित मार्गों पर भी अनुमति दी जाएगी। इसके लिए ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।महाशिवरात्रि के मद्देनज़र प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।