पीएम मोदी की पहल पर भारत को प्राचीन व ऐतिहासिक महत्व की 105 मूर्तियां वापस करेगा अमेरिका



नई दिल्ली(डेस्क) - भारत की प्राचीन व ऐतिहासिक महत्व की 105 मूर्तियां अमेरिका वापस करेगा। न्यूयॉर्क के मशहूर मेट्रोपोलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट में आयोजित एक समारोह के दौरान भारत में अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी और अमेरिका में भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने कहा कि ये कला संग्रह भारत की अमानत है और इसे भारत में ही होना चाहिए।

इन पुरावशेषों की संख्या 105 हैं जो दूसरी-तीसरी शताब्दी ईस्वी से लेकर 18वीं व19वीं शताब्दी ईस्वी तक के हैं। पुरावशेषों को जल्द ही भारत लाया जाएगा। इन 105 कलाकृतियों में 47 पूर्वी भारत से, 27 दक्षिणी भारत से, 22 मध्य भारत से तथा 6 उत्तरी भारत से और 3 पश्चिमी भारत से हैं। अमेरिकी राजदूत ने कहा कि हम भारत के कला संग्रह को उसे लौटाने की दिशा में काम कर रहे हैं। भारत से कई बार चोरी होकर या फिर अवैध तरीके से कलाकृतियां अमेरिका या दुनिया के अन्य देश पहुंच जाती हैं।