राज्यपाल से राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के 20 सैन्य अधिकारियों ने की मुलाकात



लखनऊ - प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आंनदीबेन पटेल की अध्यक्षता में आज यहाँ राजभवन में राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय, नई दिल्ली के 20 सैन्य अधिकारियों ने मुलाकात की। ब्रिगेडियर ए अग्रवाल ने राज्यपाल को बताया कि महाविद्यालय में सैन्य अधिकारियों के प्रशिक्षण का यह 63वां सत्र चल रहा है। इस सत्र में 150 अधिकारी प्रशिक्षणरत् हैं, जिन्हें सात ग्रुप में सात अलग-अलग राज्यों में अध्ययन के लिए भेजा गया है। उत्तर प्रदेश आए सैन्य अधिकारियों ने राज्यपाल से उत्तर प्रदेश के इकोनॉमिक मॉडल के रूप में विकास की जानकारी भी ली।

चर्चा के क्रम में राज्यपाल ने गत् वर्षों में प्रदेश में हुए विकास के कार्यों, विश्वविद्यालयों द्वारा परिसर से बाहर विकास की गतिविधियों में सहयोग, गाँवों तक शिक्षा और स्वास्थय के विकास में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों का योगदान, आंगनवाड़ी केन्द्रों पर व्यवस्थाओं का विकास, किसान हित में शैक्षणिक कार्यों की प्राथमिकता तथा केन्द्र एवं राज्य की जनहितकारी योजनाओं से आए बदलाव का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि विकास कार्यों का लाभ अन्तिम लाभार्थी तक पहुँचे। राज्यपाल जी ने इसी क्रम में सैन्य अधिकारियों से राजभवन में संचालित विविध गतिविधियों, जैसे परम्परागत खेलों का आयोजन, पुष्प प्रदर्शनी आदि की चर्चा भी की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश प्राकृतिक सम्पदाओं का धनी प्रदेश है। यहाँ नदियों की विशाल संख्या है और अपनी बड़ी आबादी के अतिरिक्त इसमें अन्य राज्यों को भी जल सिंचित कर सकने की भरपूर क्षमता भी है।

राज्यपाल जी से भेंट करने आए प्रशिक्षु सैन्य अधिकारियों में श्रीलंका, रूस, नेपाल, इण्डोनेशिया, यूनाइटेड किंगडम तथा बर्मा के प्रशिक्षु भी शामिल थे।