मशहूर गायिका लिसा प्रेस्ली का 54 साल की उम्र में निधन



नई दिल्ली (ग्लोबल डेस्क) - अमेरिका की मशहूर सिंगर लिसा मैरी प्रेस्ली की मौत हो गई है। गुरुवार को लॉस एंजिल्स के कैलाबास में मैरी प्रेस्ली को उनके घर पर कार्डियक अरेस्ट आया। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टर्स उन्हें नहीं बचा सके। ज्ञात हो कि लिसा मैरी प्रेस्ली दिवंगत अमेरिकी एक्टर, सिंगर और म्यूजिशियन एल्विस प्रेस्ली की बेटी थीं।

 गायिका के आकस्मिक निधन से उनका परिवार गहरे दुख में है। फैंस के बीच भी शोक की लहर दौड़ पड़ी है। लिसा के परिवार ने एक बयान जारी कर दुख की इस खड़ी में साथ देने और प्रार्थना करने के लिए सभी का आभार जताया है। साथ ही यह अपील की है कि इस मुश्किल वक्त में परिवार की निजता का ख्याल रखा जाए। रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रेस्ली को दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दो दिन पहले ही गायिका ने अपनी मां के साथ गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स में हिस्सा लिया था। बता दें कि लिसा की मां प्रिसिला प्रेस्ली भी मशहूर अभिनेत्री हैं।