नॉर्थ सिक्किम में सेना का ट्रक खाई में गिरा, 16 जवान शहीद



नई दिल्ली(एजेंसी) - उत्तर सिक्किम के जेमा में शुक्रवार को एक सड़क दुर्घटना में सेना के 16 जवान शहीद हो गए। घटना में चार जवानों के  घायल होने की भी खबर है। मिली जानकारी के अनुसार घायलों को उत्तरी बंगाल के एक सैन्य अस्पताल में हवाई मार्ग से ले जाया गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस सड़क हादसे पर दुख व्यक्त किया है।

बताया जा रहा है कि सभी 16 शवों को दुर्घटनास्थल से बरामद कर लिया गया है। लाचेन की एक पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर मौजूद थाटल ने कहा कि चार गंभीर रूप से घायल सैन्य कर्मियों की स्थिति की जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए गंगटोक के राजकीय एसटीएनएम अस्पताल ले जाया जा रहा है। इसके बाद इन शवों को सेना को सौंप दिया जाएगा।