15 दिसंबर से यमुना एक्सप्रेसवे पर लागू होगी नई स्पीड लिमिट



नई दिल्ली (एजेंसी) - यमुना एक्सप्रेस-वे पर सर्दी के मौसम में कोहरा और धुंध को लेकर अथॉरिटी अर्लट हो गई है। यमुना अथॉरिटी ने यमुना एक्सप्रेस-वे पर 15 दिसंबर से 15 फरवरी तक वाहनों की स्पीड लिमिट घटा दी हैं। अब 15 दिसंबर से हल्के वाहनों की स्पीड 80 किलोमीटर प्रति घंटा और भारी वाहनों की स्पीड घटाकर 60 किलोमीटर प्रति घंटा करने का फैसला लिया है।

बता दें कि दिसंबर से लेकर फरवरी तक कोहरा पड़ता है। यमुना एक्सप्रेस-वे पर दौड़ते वाहन किसी हादसे के शिकार ना हों, इसको देखते हुए यमुना अथॉरिटी ने एक्सप्रेस-वे का संचालन कर रही कंपनी को आदेश जारी किया है। कहा गया है कि 15 दिसंबर 2022 से सभी तरह के वाहनों की स्पीड घटाने के आदेश जारी किए हैं।

प्राधिकरण हर वर्ष सर्दियों में एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा को कम कर देता है। सीईओ डा. अरुणवीर सिंह ने बताया कि 15 दिसंबर से 15 फरवरी तक हल्के वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा अस्सी किसी प्रति घंटा रहेगी। वहीं भारी वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा साठ किमी प्रति घंटा रहेगी। इससे अधिक गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।