कर्नाटक: मंत्री उमेश कट्टी का दिल का दौरा पड़ने से निधन, पीएम मोदी ने जताया दुख



नई दिल्ली (डेस्क) - कर्नाटक के खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री उमेश कट्टी का मंगलवार देर रात बेंगलुरु में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, 61 वर्षीय उमेश कट्टी ने सीने में दर्द की शिकायत की और रात 10.30 बजे डॉलर्स कॉलोनी स्थित अपने आवास पर बाथरूम में गिर गए। जिसके बाद उन्हें एमएस रमैया अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

सीएम बोम्मई ने कहा कि उनके (उमेश कट्टी) शव को अस्पताल से एयर एंबुलेंस से ले जाया जाएगा। संकेश्वर में बुधवार दोपहर दो बजे तक जनता के दर्शन के बाद सभी प्रक्रियाएं की जाएंगी। बेलगावी जिले के बागेवाड़ी में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। बेलगावी में बुधवार को स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा कर दी गई है। उमेश कट्टी कर्नाटक विधानसभा में सबसे वरिष्ठ निर्वाचित प्रतिनिधि थे। उन्होंने 1985 में अपने पिता विश्वनाथ कट्टी के निधन के बाद राजनीति में प्रवेश किया था ।

उन्होंने बी.एस. येदियुरप्पा, डी.वी. सदानंद गौड़ा और जगदीश शेट्टार के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान के मंत्रिमंडलों में मंत्री के रूप में भी काम किया था। उन्होंने आठ बार चिक्कोडी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने जनता पार्टी, जनता दल, जनता दल और भाजपा का प्रतिनिधित्व किया था।