नरिंदर बत्रा ने एक साथ छोड़े तीन पद, लिखित में सौंपा इस्तीफा



नई दिल्ली (डेस्क) - नरिंदर बत्रा ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया और साथ ही अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) की सदस्यता भी छोड़ दी। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय ओलंपिक संघ से भी अपने पद से इस्तीफा दिया है। उन्होंने तीन अलग-अलग आधिकारिक पत्र लिखकर अपने सभी पदों से इस्तीफा दिया है।

बत्रा का ये फैसला राष्ट्रमंडल खेलों की शुरुआत से कुछ दिन पहले आया है।  दिल्ली उच्च न्यायालय ने बत्रा को आदेश दिया था कि वह आईओए अध्यक्ष के तौर पर कामकाज करना बंद कर दें। इसके बाद बत्रा ने इस आदेश पर स्टे भी मांगा था लेकिन अदालत ने उनकी अपील को खारिज कर दिया था।  इसके बाद बत्रा ने पद छोड़ने का फैसला किया।

बता दें कि दिल्ली उच्च न्यायालय ने 25 मई को बत्रा को आईओए अध्यक्ष पद से हटा दिया था। कोर्ट ने उनकी हॉकी इंडिया की लाइफ मेंबर वाली पोस्ट को खत्म कर दिया था। बत्रा ने 2017 में इसी पद के कारण आईओएअध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरा था।