उत्तर प्रदेश : 21 आईएएस(IAS) अफसरों के किये गए तबादले



  • नौ जिलों के डीएम भी बदले गये

लखनऊ(डेस्क) - उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 21 अधिकारियों के तबादले कर दिये हैं, इनमें स्थानांतरित किये गये नौ जिलों के जिलाधिकारी (डीएम) भी शामिल हैं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार गोरखपुर के डीएम विजय किरन आंनद को बेसिक शिक्षा विभाग का महानिदेशक बनाया गया है। गौरतलब है कि गोरखपुर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह जनपद एवं विधानसभा क्षेत्र है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष कृष्णा करुणेश को गोरखपुर का जिलाधिकारी बनाया गया है।

स्थानांतरित किये गये जिलाधिकारियों की फेहरिस्त में राजधानी लखनऊ भी शामिल हैं। फिरोजाबाद के डीएम सूर्यपाल गंगवार को लखनऊ का डीएम नियुक्त किया गया है और रवि रंजन फिरोजाबाद के डीएम होंगे। इसके अलावा बलिया में नकल मामले में पत्रकारों पर कार्रवाई से चर्चा में आए डीएम इंद्र विक्रम सिंह को अलीगढ़ का डीएम बनाया गया है। वहीं, सौम्या अग्रवाल को बलिया और आईएएस विशाख को कानपुर का डीएम बनाया गया है।

जालौन की डीएम प्रियंका निरंजन को बस्ती का डीएम बनाया गया है, जबकि चांदनी सिंह अब जालौन की डीएम होंगी। आईएएस अवनीश कुमार राय अब इटावा के डीएम होंगे। साथ ही सेल्वा कुमारी जे, अब आयुक्त बरेली होंगी।

तबादले वाले अन्य अधिकारियों में विजय किरण आनंद शामिल हैं। उन्हें प्रभारी महानिदेशक, स्कूली शिक्षा के अलावा कुंभ मेला प्रयागराज का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

इसके अलावा अनामिका सिंह को सचिव - महिला कल्याण, अभिषेक प्रकाश को सचिव - अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास, भवानी सिंह को प्रबंध निदेशक - मध्यांचल विद्युत वितरण निगम, अनुपम शुक्ला को विशेष सचिव - ऊर्जा, श्रुति सिंह को सचिव - चिकित्सा, नेहा शर्मा को निदेशक - स्थानीय निकाय तथा आर रमेश कुमार को प्रमुख सचिव - रेशम बनाया गया है।

आईएएस सीलम साईं अब जौनपुर की मुख्य विकास अधिकारी और शकुंतला गौतम कानपुर की श्रम आयुक्त होंगी। वहीं, गाजियाबाद के डीएम राकेश कुमार सिंह (द्वितीय) को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।