उत्तर प्रदेश के आगरा में “हुनर हाट” के 41वें संस्करण का हुआ औपचारिक रूप से उद्घाटन



  • देश के सभी राज्यों की कला और संस्कृति को एक स्थान पर एकत्र करना कोई आसान काम नहीं है लेकिन "हुनर हाट" इस संबंध में एक सराहनीय भूमिका निभा रहा है: ब्रजेश पाठक

लखनऊ (डेस्क) - केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल ने उत्तर प्रदेश के आगरा में "कला का समर्थन" और "कौशल की शान" का एक प्रभावी अभियान, हुनर हाट के 41वें संस्करण का औपचारिक रूप से उद्घाटन किया।

18 से 29 मई, 2022 तक आगरा के ताजगंज में स्थित शिल्पग्राम में आयोजित होने वाले "हुनर हाट", "कौशल कुबेर का कुंभ" के उद्घाटन के दौरान उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री, सांसद और विधायक उपस्थित थे। देश के 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 800 से अधिक कारीगर और शिल्पकार इस 12 दिवसीय "हुनर हाट" में भाग ले रहे हैं।

इस अवसर पर बोलते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि "हुनर हाट" एक छत के नीचे पूरे देश की कला और संस्कृति को देखने का एक प्रभावशाली मंच है। उन्होंने कहा कि "हुनर हाट" भारत की पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और बढ़ावा देने के लिए प्रभावी ढंग से काम कर रहा है।

वहीं इस अवसर पर बोलते हुए, श्री नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी "नीतिगत पक्षाघात की बीमारी" को समाप्त करके, "सुशासन का संस्थान और समावेशी विकास का मिशन" बन गए हैं। उन्होंर कहा कि श्री मोदी ने आपदा को अवसर में बदलकर देश को सुरक्षित किया है। उन्होंने कहा कि वैश्विक आर्थिक मंदी के दौरान भी, श्री मोदी ने देश और उसके लोगों की सुरक्षा तथा भलाई के लिए अथक प्रयास किए और ईमानदारी से काम किया।

श्री नकवी ने कहा कि "हुनर हाट" "वोकल फॉर लोकल" यानी स्थानीय के लिए मुखर बनिए, "स्वदेशी", "आत्मनिर्भर भारत" और "एक भारत-श्रेष्ठ भारत" का एक विश्वसनीय संगम है। श्री नकवी ने कहा कि "हुनर हाट" देश की कला और शिल्प की सदियों पुरानी समृद्ध विरासत के "संरक्षण, सुरक्षा, संवर्धन" में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

आगरा में आयोजित हो रहे "हुनर हाट" में दर्शक हर शाम संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेंगे। "हुनर हाट" में शैलेंद्र सिंह, पंकज उधास, दलेर मेहदी, अल्ताफ रजा, तलत अजीज, मोहित चौहान, रूप कुमार राठौर और सोनाली राठौर, भूमि त्रिवेदी, पूर्णिमा श्रेष्ठ, राजू श्रीवास्तव, निजामी बंधु, प्रतिभा सिंह बघेल, दिलबाग सिंह, नेहा खान, मोहित खन्ना, रेखा राज, पी. गणेश, बेला सुलेखा, अंकिता पाठक, जॉली मुखर्जी, अदिति खंडेगल, हेमा सरदेसाई, भूपिंदर सिंह भूप्पी, अनिल भट्ट, हमसिका अय्यर, प्रिया मलिक, दिलबाग सिंह, रितेश मिश्रा, भूमिका मलिक, आशु बजाज, विवेक मिश्रा, राहुल जोशी, सुप्रिया जोशी जैसे प्रसिद्ध कलाकार अन्य विभिन्न संगीत, सांस्कृतिक, पारंपरिक कार्यक्रमों, नृत्य कार्यक्रमों और कॉमेडी प्रदर्शन आदि के साथ दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य की कैबिनेट मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य, राज्यसभा सांसद हरद्वार दुबे, आगरा के महापौर नवीन जैन, आगरा कैंट के विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश, आगरा उत्तर के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, बाह की विधायक श्रीमती रानी पक्षालिका सिंह, एत्मादपुर के विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, फतेहाबाद के विधायक छोटे लाल वर्मा, फतेहपुर सीकरी के विधायक बाबूलाल चौधरी, खेरागढ़ विधायक भगवान सिंह, विधान परिषद के सदस्य डॉ. आकाश अग्रवाल, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष गिरराज सिंह कुशवाह, महानगर अध्यक्ष भानु महाजन, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामबाबू हरित, उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अशफाक सैफी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।