मायावती ने BSP के ब्राह्मण चेहरे माने जाने वाले पूर्व मंत्री नकुल दुबे को पार्टी से किया निष्कासित



लखनऊ(डेस्क) - बसपा प्रमुख मायावती ने पूर्व मंत्री नकुल दुबे को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इसकी जानकारी उन्होंने ट्वीट कर दी है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि पूर्व मंत्री नकुल दुबे को पार्टी में अनुशासनहीनता करने व पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के कारण निष्कासित कर दिया गया है। बता दें इसी साल यूपी विधानसभा चुनावों में नकुल दुबे को पार्टी का प्रमुख ब्राह्मण चेहरे के तौर पर पेश किया गया था।

बसपा महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा के बाद नकुल दुबे पार्टी का बड़ा ब्राह्मण चेहरा माने जाते थे। पहली बार 2007 में बसपा ने उत्तर प्रदेश में बहुमत हासिल किया तो लखनऊ की महोना सीट से नकुल दुबे भी विधायक निर्वाचित हुए। इस जीत का सेहरा उनके सिर भी गया और मायावती ने उन्हें कैबिनेट मंत्री पद से नवाजा था।

उधर, नकुल दुबे ने कहा कि पार्टी में किसे रखना है और किसे नहीं रखना है, यह नेतृत्व का ही निर्णय होता है लेकिन उन्होंने कहा कि शनिवार दोपहर को ही उन्होंने पार्टी को अपना त्याग पत्र भेज दिया था। पूर्व  मंत्री नकुल दुबे ने अभी अपने पत्ते तो नहीं खोले हैं कि वह किस दल में जाएंगे, लेकिन इतना जरूर कहा कि वह अपने सभी लोगों के साथ बैठक कर आगे के रणनीत‍ि पर चर्चा करेंगे।