अयोध्या में बनेगा रामायण विश्वविद्यालय, 21 एकड़ भूमि चिन्हित



लखनऊ - अयोध्या में भारतीय सभ्यता, संस्कृति और आध्यात्म के अध्ययन के लिए रामायण विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि संस्कृति विभाग की ओर से आगामी सौ दिन में विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए महर्षि विद्यापीठ ट्रस्ट के साथ एमओयू साइन किया जाएगा। रामायण विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार ने अयोध्या में 21 एकड़ भूमि चिह्नित कर ली है। सरकार की सौ दिन की कार्ययोजना में यहां पर रामायण विश्वविद्यालय की स्थापना का मामला शीर्ष वरीयता पर है।

इसी क्रम में अयोध्या शोध संस्थान राम नवमी के अवसर पर ग्लोबल इनसाइक्लोपीडिया आफ द रामायण के तहत दस ग्रंथों का प्रकाशन एवं विमोचन करेगा। इसके माध्यम से विज्ञान एवं आध्यात्म के अनेक पहलुओं को जन मानस तक पहुंचाया जाएगा।