मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘दिल्ली शब्दोत्सव’ का उद्घाटन किया



नई दिल्ली(डेस्क) - दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज राष्ट्रीय राजधानी में ‘दिल्ली शब्दोत्सव’ का उद्घाटन किया। चार जनवरी तक चलने वाले इस साहित्यिक और सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में किया जा रहा है। 

दिल्ली सरकार के कला और संस्कृति विभाग तथा सुरुचि प्रकाशन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय शब्दोत्सव के पहले दिन आज काफी उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस कार्यक्रम में देश भर से सौ से अधिक वक्ता के हिस्सा लेने की संभावना है। महोत्सव के दौरान सौ से अधिक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा, दो बड़े कवि सम्मेलन भी होंगे और अगले तीन दिनों में चालीस से अधिक पुस्तकों का विमोचन किया जाएगा।    

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पहली बार यह कार्यक्रम राष्ट्रीय राजधानी में बड़े पैमाने पर मनाया जा रहा है। उन्‍होंने कहा कि ऐसे सांस्‍कृतिक और साहित्यिक कार्यक्रमों के माध्‍यम से देश अतीत, वर्तमान और भविष्‍य से एक साथ संवाद करते हुए दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि यह कार्यक्रम दर्शाता है कि देश अपने जड़ों से जुड़कर भविष्‍य की ओर आगे बढ़ रहा है। 

इस अवसर पर दिल्ली के कला और संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि तीन दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में भारत की सांस्कृतिक चेतना, देश की अखंडता, राष्ट्र का वास्तविक इतिहास, आंतरिक सुरक्षा जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा होगी। दिल्ली के कला और संस्कृति मंत्री ने कहा कि आने वाले वर्षों में शब्दोत्सव को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी साहित्य, संस्कृति और राष्ट्रवादी विचारों से जुड़े।