एन बीरेन सिंह होंगे मणिपुर के मुख्यमंत्री, विधायक दल के नेता चुने गए



- सीतारमण, किरन रिजिजू ने फूलों का गुलदस्ता देकर दी बधाई

इंफाल / नई दिल्ली - मणिपुर विधानसभा चुनाव के नतीजे 10 मार्च को आने के बाद से राज्य के मुख्यमंत्री को लेकर बरकरार सस्पेंस रविवार को खत्म हो गया। इंफाल के थंबल शांगलेन, नित्याइपात चुथेक में आज प्रदेश भाजपा के नेताओं की हुई बैठक में एन बीरेन सिंह को विधायक दल का नेता चुना गया।

बैठक के बाद केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारमण ने विधायक दल के नेता के नाम की घोषणा की। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य में बीरेन सिंह के नेतृत्व में एक बार फिर से मजबूत सरकार काम करेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पूर्वोत्तर के राज्यों को विशेष आशीर्वाद है। राज्य का विकास फिर से एक बार तेजी से होगा।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री किरेन रिजिजू राज्य में भाजपा विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में रविवार को इंफाल पहुंचे थे। माना जा रहा है कि टीएच बिश्वजीत सिंह को राज्य का उप मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। दरअसल उन्होंने मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की थी, जिसके कारण नेता के चुनाव में इतनी देरी हुई है। संभवतः सोमवार को एन बीरेन सिंह सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं।

निर्मला सीतारमण और किरेन रिजिजू रविवार को इंफाल के बीर टिकेंद्रजीत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। सुबह 11 बजे आने वाली फ्लाइट एक घंटे से ज्यादा देरी से दोपहर 12.11 बजे लैंड हुई। भाजपा संसदीय बोर्ड ने 14 मार्च को सीतारमण को केंद्रीय पर्यवेक्षक और रिजिजू को सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया था।दिल्ली से इंफाल के लिए रवाना होने से पहले सीतारमण ने ट्विट करके बताया कि वह इंफाल में प्रदेश भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी।