कांग्रेस महासचिव प्रियंका गाँधी ने शाहजहाँपुर में आशा कार्यकर्ताओं से की मुलाक़ात



लखनऊ (डेस्क) - कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गाँधी ने आज लखनऊ स्थित अपने आवास पर शाहजहाँपुर में पुलिस पिटाई का शिकार हुईं आशा कार्यकर्ताओं से मुलाक़ात की। इस दौरान प्रियंका गाँधी ने उन्हें हर संभव क़ानूनी मदद का आश्वासन देते हुए कहा कि कांग्रेस कांग्रेस पार्टी आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय के हक और उनके सम्मान के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने साथ ही कहा कि यदि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 10 हजार रुपये प्रति माह मानदेय दिया जाएगा।

ये जानकारी देते हुए यूपी कांग्रेस के मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन डॉ.पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका गाँधी ने आज दोपहर लखनऊ पहुँचने के तुरंत बाद अपने आवास पर आशा कार्यकर्ताओं से मुलाक़ात की थी । इनमें कुछ बुरी तरह घायल थीं और उन्हें प्लास्टर भी बँधा हुआ था। यही नहीं, दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई न करके आशा कार्यकर्ताओं के ख़िलाफ़ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज करा दी गयी है।

मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को शाहजहांपुर गए थे, और आशा कार्यकर्ता मानदेय और पदोन्नति की मांग को लेकर उनसे मिलने के लिए जा रही थीं। उन्हें सभा में जाने से रोका गया और थाने ले जाया गया। आरोप है कि पुलिस ने आशा कार्यकर्ताओं की पिटाई की।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गाँधी ने आशा कार्यकर्ताओं के साथ सहानुभूति जताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी उनके हक़ की लड़ाई में हर कद़म पर साथ देगी और क़ानूनी लड़ाई में भी पूरी मदद करेगी।