टीकाकरण के बाद भी करें कोविड प्रोटोकॉल का पालन



लखनऊ -  अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने  बताया कि प्रदेश में कल एक दिन में कुल 1,57,918 सैम्पल की जांच की गयी है, जिसमें कोरोना संक्रमण के 14 नये मामले आये हैं। साथ ही प्रदेश के 43 जनपदों में कोविड का कोई भी एक्टिव केस नहीं है तथा 03 जनपदों में दो-अंकों में कोविड के केस हैं।

उन्होंने बताया कि कोविड वैक्सीनेशन का कार्य निरन्तर किया जा रहा है। प्रदेश में कल एक दिन में 10,27,093 डोज दी गयी। अब तक प्रदेश में 10 करोड़ से अधिक लोगों को वैक्सीन की पहली डोज दी जा चुकी है। उत्तर प्रदेश 10 करोड़ से अधिक वैक्सीन की प्रथम डोज देने वाला देश में पहला राज्य बन गया है। अब तक 10,01,96,279 लोगों को पहली डोज तथा 3,57,02,997  लोगों को  दूसरी डोज लगायी गयी है।

श्री प्रसाद ने बताया कि कोविड संक्रमण अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। इसलिए सभी लोग कोविड अनुरूप आचरण करे। टीकाकरण के बाद भी कोविड प्रोटोकॉल का पालन अवश्य करें। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर कोविड हेल्पलाइन 18001805145 पर सम्पर्क करे।

मच्छर जनित रोग तथा जल जनित रोग से बचाने के लिए आवश्यक चिकित्सीय प्रबन्ध किये गये : श्री प्रसाद ने  बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा मच्छर जनित रोग तथा जल जनित रोग से बचाने के लिए आवश्यक चिकित्सीय प्रबन्ध किये गये है। सभी लोग मच्छर जनित एवं जलजनित रोग से बचने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा बतायी जा रही सावधानियों को अपनाएं।

उन्होंने बताया कि कानपुर में  जीका वायरस के मामले मिले है, जिनमें से आज 17 लोग पूर्णतः स्वस्थ हो गये हैं। जीका वायरस अन्य जनपदों में न फैले इसके लिए एग्रेसिव टेस्टिंग कराते हुए 3500 से अधिक टेस्टिंग की गई।