नेपाल की अंतरिम सरकार की प्रमुख बनीं सुशीला कार्की, राष्ट्रपति पौडेल ने दिलाई शपथ



नई दिल्ली(ग्लोबल डेस्क) - जेन-जी आंदोलन में सुलगने वाले नेपाल में राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल, सेना प्रमुख अशोक राज सिगडेल, कानूनविद ओमप्रकाश आर्याल और जेनजी प्रतिनिधियों की सात घंटे तक चली मैराथन बैठक के बाद नेपाल की पूर्व प्रधान न्यायाधीश सुशीला कार्की को अंतरिम प्रधानमंत्री रूप में शपथ दिलाई गई। नेपाल की पहली महिला प्रधान न्यायाधीश बनने वाली कार्की अब देश की पहली महिला प्रधानमंत्री भी बन गई हैं।

माना जा रहा है कि सुशीला कार्की के शपथ ग्रहण के बाद नेपाल में अंतरिम कैबिनेट आज रात ही पहली बैठक कर सकती हैं। संसद भवन को जलाने के बाद अंतरिम सरकार की बैठकों और सभाओं के लिए कोई स्थान नहीं बचा है। शुक्रवार को नेपाल के मुख्य सचिव ने अंतरिम प्रधानमंत्री के कार्यालय के लिए स्थान चिह्नित कर लिया। साथ ही कार्यालय के लिए आवश्यक वस्तुओं की भी व्यवस्था की जा रही है।