देहरादून - मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की विभिन्न विकास योजनाओं के लिए 146 करोड़ से अधिक की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। जनपद नैनीताल के कालाढूंगी में सड़क चौड़ीकरण के लिए 3.81 करोड़, बागेश्वर में पम्पिंग योजना के लिए 4.73 करोड़ और हरिद्वार के रोशनाबाद में अभियोजन विभाग के कार्यालय व मालखाने के निर्माण के लिए 7.07 करोड़ की स्वीकृति दी गई।
कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के तहत 1 अरब 13 करोड़ की राशि स्वीकृत करते हुए इस वित्तीय वर्ष में 10 करोड़ की टोकन राशि जारी करने की भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा 17.58 करोड़ की पेयजल व सोलर योजनाएं नाबार्ड के अंतर्गत स्वीकृत की गईं।
साथ ही उधम सिंह नगर की देवकी देवी को लोकतंत्र सेनानी सम्मान पेंशन अनुमन्य की गई है। मुख्यमंत्री की इस स्वीकृति से प्रदेश में बुनियादी ढांचा, पेयजल और स्वच्छता सेवाओं को मजबूती मिलने के साथ ही कुंभ 2027 की तैयारियों को भी रफ्तार मिलेगी।