सीएम योगी के नेतृत्व में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने पेश किया 9.12 लाख करोड़ से अधिक का ऐतिहासिक बजट



लखनऊ - वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रस्तुत वित्तीय वर्ष 2026-27 का 9.12 लाख करोड़ रुपये से अधिक का बजट प्रदेश के समग्र और संतुलित विकास की दिशा में एक सशक्त कदम है।उन्होंने बताया कि बजट में रोजगार सृजन, पुलिस सुदृढ़ीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र पर विशेष जोर दिया गया है। 

सरकार ने पूंजीगत व्यय को 19.5 प्रतिशत रखते हुए विकास परियोजनाओं को गति देने का संकल्प लिया है। स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 37,956 करोड़ रुपये तथा शिक्षा के लिए कुल बजट का 12.4 प्रतिशत आवंटित किया गया है। पुलिस ढांचे के विस्तार, महिला सुरक्षा, अग्निशमन सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और नवसृजित जनपदों में अवसंरचना विकास हेतु बड़े प्रावधान किए गए हैं। साथ ही, आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन और पल्स पोलियो जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से जनस्वास्थ्य को प्राथमिकता दी जा रही है।वित्त मंत्री ने कहा कि सुनियोजित वित्तीय प्रबंधन के जरिए ऋण-जीएसडीपी अनुपात को नियंत्रित रखते हुए प्रदेश को दीर्घकालिक आर्थिक स्थिरता की ओर अग्रसर किया जा रहा है।