राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित



  • शिव देवी सरस्वती विद्या मंदिर के बच्चों को दिए स्वस्थ रहने के टिप्स

 बदायूँ । राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर मंगलवार को शिव देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में जिला स्वास्थ्य समिति के तत्वावधान में पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केनव्यू के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानाचार्य वेद रतन शर्मा की अध्यक्षता में “डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम के तहत आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को स्वस्थ रहने के जरूरी टिप्स दिए गए।

इस मौके पर विद्यालय के कक्षा- 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को पेट में कीड़ों से होने वाली बीमारियों, उनके दुष्प्रभाव एवं रोकथाम के उपायों के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही बच्चों को साफ़-सफाई का खास ख्याल रखने, डायरिया रोकथाम एवं प्रबंधन, ओआरएस और जिंक की सही खुराक तथा हाथ धोने की सही विधि के बारे में विस्तार से बताया गया। बच्चों को बताया गया कि डायरिया समेत कई अन्य संक्रामक बीमारियों से बचने के लिए हाथों की स्वच्छता बहुत जरूरी है। इसीलिए चिकित्सक माता-पिता व देखभाल करने वालों को सलाह देते हैं कि छोटे बच्चों को कुछ भी खिलाने- पिलाने और गोद लेने से पहले हाथों को साबुन-पानी से जरूर अच्छी तरह से धुल लें। इसके साथ ही बच्चों के भी हाथों को साफ़ रखना चाहिए। सही तरीके से हाथ धोने के चरण भी बताये गए, जैसे- हाथों को पानी से गीला करना, साबुन लगाना, झाग बनाना, रगड़ना, धुलना और सुखाना।

इस दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में स्वास्थ्य से जुड़े सवालों का सही जवाब देने वाले पाँच विद्यार्थियों- आराध्या शंखधर, नेहा, निष्ठा पाठक, पार्थ पाल एवं संकल्प मिश्रा को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा कृमि संक्रमण और डायरिया जैसी बीमारियों से बचाव के बारे में जानकारी देना रहा। उपस्थित वक्ताओं ने ऐसे कार्यक्रमों को बच्चों के स्वास्थ्य के लिए जरूरी बताया।

इस अवसर पर विनय कुमार, दिग्विजय, शालू, सुभाषिनी, सोभरन, सदन, कृष्ण हरि शर्मा, संजय शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आयोजन में पीएसआई इंडिया की ओर से शशांक दुबे एवं दानिश वर ने अहम भूमिका निभाई।