नई दिल्ली(स्पोर्ट्स डेस्क) - अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद – आईसीसी ने आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के सभी निर्धारित मैचों में पाकिस्तान की भागीदारी की पुष्टि की है। इसमें 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाला मैच भी शामिल है। आईसीसी ने बताया कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से बातचीत व्यापक सहयोग का हिस्सा थी। इसमें दोनों पक्षों ने खेल के हितों की रक्षा के लिए निष्पक्षता, तटस्थता और सहयोग के साथ एकजुट, प्रतिबद्ध और उद्देश्यपूर्ण होने पर सहमति व्यक्त की। आईसीसी ने कहा कि सभी सदस्य आईसीसी आयोजनों में भागीदारी की शर्तों के अनुसार अपनी प्रतिबद्धताओं का सम्मान करेंगे। साथ ही, आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप के इस संस्करण की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक प्रयास करेंगे।
इससे पहले, आईसीसी, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड – बीसीबी के बीच एक बैठक हुई थी। इसके बाद आईसीसी ने पुष्टि की कि बांग्लादेश को टूर्नामेंट से अनुपस्थिति के लिए किसी भी प्रकार की सजा का सामना नहीं करना पड़ेगा। साथ ही, अगर वे आईसीसी की मानक मेजबानी प्रक्रियाओं और आवश्यकताओं का पालन करेंगे तो उन्हें आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2031 से पहले आईसीसी के किसी आयोजन की मेजबानी करने का अवसर भी मिलेगा।