उत्तराखंड: चारधाम यात्रा ने पकड़ी रफ्तार, केदारनाथ पहुंचे अब तक 16.5 लाख श्रद्धालु



देहरादून(डेस्क) - उत्तराखंड में चारधाम यात्रा ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। बारिश और बर्फबारी के बावजूद यात्रियों में भारी उत्साह बना हुआ है। केदारनाथ यात्रा ने नया रिकॉर्ड बनाया है। यहां श्रद्धालुओं की संख्या 16 लाख 52 हजार के पार पहुंच गई। बीते दिन 8 अक्टूबर को केदारनाथ धाम में 5 हजार 614 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। 

बता दें कि केदार धाम के कपाट आगामी 23 अक्टूबर को भैयादूज के अवसर पर बंद होंगे। अभी यात्रा 15 दिन और चलेगी। वहीं बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भी अब यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। प्रदेश सरकार की ओर से श्रद्धालुओं के उत्साह को देखते हुए सुरक्षित यात्रा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यात्रा मार्ग में सुरक्षा जवानों की तैनाती की गई है। यात्रा मार्ग पर यातायात सुचारू बना रहे, इसके लिए भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों पर मलबे की सफाई के लिए जेसीबी की व्यवस्था की गई है।