लखनऊ - महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित ‘मिशन शक्ति’ अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से लखनऊ पुलिस ने आज एक अनूठी डिजिटल पहल की शुरुआत की। ‘हर नारी शक्ति स्वरूप है’ थीम पर आधारित इस विशेष डिजिटल कैंपेन का शुभारंभ शहर के प्लासियो मॉल में किया गया। अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) किरन यादव ने परंपरा से हटकर इस अभियान का उद्घाटन किया। उन्होंने रिबन काटने की औपचारिकता निभाने के बजाय स्वयं सेल्फी बूथ से एक तस्वीर लेकर इस अभिनव अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त प्रशिक्षणाधीन अपूर्वा पाण्डेय और सहायक पुलिस आयुक्त अनुष्का भी मौजूद रहीं। इस डिजिटल अभियान को व्यापक पहुँच दिलाने के लिए लखनऊ पुलिस ने रेडियो रैनबो जैसे लोकप्रिय मंच का सहारा लिया है।
सहायक पुलिस आयुक्त (महिला एवं अपराध) सौम्या पाण्डेय ने रेडियो प्रसारण केंद्र का दौरा कर ऑन-एयर होकर लखनऊवासियों को संबोधित किया। उन्होंने महिलाओं और युवाओं से इस अभियान से जुड़ने और मिशन शक्ति को सशक्तिकरण की मुहिम के रूप में देखने की अपील की।प्लासियो मॉल में लगाए गए डिजिटल सेल्फी बूथ पर महिलाएँ और बालिकाएँ अपनी तस्वीरें लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स (ट्विटर) पर साझा कर सकती हैं। अभियान से जुड़ने वाली प्रतिभागियों को लखनऊ पुलिस को टैग करना होगा। सक्रिय रूप से भाग लेने वाली महिलाओं और बालिकाओं की तस्वीरें पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया पेजों पर प्रदर्शित की जाएंगी। लखनऊ पुलिस का मानना है कि यह पहल न केवल महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाएगी, बल्कि हर महिला और बालिका को यह अनुभव कराएगी कि मिशन शक्ति केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और सशक्तिकरण का आंदोलन है। पुलिस ने अपील की है कि शहर की महिलाएँ और बालिकाएँ बड़ी संख्या में इस अभियान का हिस्सा बनें, ताकि ‘हर नारी शक्ति स्वरूप है’ का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुँच सके।