इंदौर- पीथमपुर इंडस्ट्री बेल्ट ने मध्यप्रदेश की साख बढ़ाते हुए औद्योगिक पहचान को नई ऊँचाइयाँ दी : मुख्यमंत्री डॉ यादव



इंदौर - मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज इंदौर में पीथमपुर औद्योगिक संगठन द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में सहभागिता कर कार्यक्रम को संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि ऑटोमोबाइल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स, इंजीनियरिंग, फार्मास्यूटिकल्स, टेक्सटाइल और टेक्नोलॉजी तक हर क्षेत्र में पीथमपुर इंडस्ट्री बेल्ट ने मध्यप्रदेश की साख बढ़ाते हुए औद्योगिक पहचान को नई ऊँचाइयाँ दी हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पीथमपुर क्षेत्र के विकास पर आधारित पुस्तक “पीथमपुर-सिफर से शिखर“ का विमोचन किया। साथ ही उद्योगों के विस्तार एवं रोजगार सृजन की दिशा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले उद्योगपतियों को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, कैबिनेट मंत्री तुलसीरात सिलावट सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।