उत्तराखंड: सीएम धामी ने बेडू बगड़ में जनजाति समागम में कलाकारों को किया सम्मानित



देहरादून(डेस्क) - चमोली के बेडू बगड़ में आयोजित नीति-माणा जनजाति कल्याण समिति का तीन दिवसीय जनजाति समागम रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हो गया। समापन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत कर कलाकारों और प्रतिभागियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर जनजातीय महिलाओं ने पौराणिक पौण नृत्य की प्रस्तुति दी और भोजपत्र की माला व पारंपरिक दोका पहनाकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। 

मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज की वीरता, संस्कृति और कौशल की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय विकास सरकार की प्राथमिकता है। नीति-माणा जनजाति कल्याण समिति के अध्यक्ष हरीश परमार ने बताया कि तीन दिवसीय सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले जनजातीय प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने पर आभार व्यक्त किया।