प्रयागराज/लखनऊ - एशिया की सबसे बड़ी परीक्षा संस्था उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की परीक्षाएं आज से पूरे प्रदेश में शुरू हो गई हैं। प्रदेशभर में 53 लाख से अधिक परीक्षार्थी 8033 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दे रहे हैं।
प्रयागराज जिले में भी 333 केंद्रों पर परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। बोर्ड परीक्षा को निष्पक्ष एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिले को 8 जोन और 33 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जहां जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। साथ ही 8 सचल दल भी गठित किए गए हैं। जिले में हाईस्कूल के 94,551 और इंटरमीडिएट के 1,01,412, कुल मिलाकर 1,95,963 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं। 11 संवेदनशील और 8 अति संवेदनशील केंद्र चिह्नित किए गए हैं। प्रश्नपत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं को स्ट्रांग रूम में डबल लॉक अलमारी में सुरक्षित रखा गया है तथा रांग ओपनिंग रोकने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। डीआईओएस कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक पी. एन. सिंह ने स्पष्ट किया है कि नकल करने पर 2024 के नकल विरोधी कानून के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।