विकासनगर व्यापार मंडल का भव्य शपथ ग्रहण समारोह, नव पदाधिकारियों ने ली संगठन के प्रति निष्ठा की शपथ



लखनऊ । विकासनगर क्षेत्र में स्थित लक्ष्मी कॉम्पलेक्स, निकट मामा चौराहा में विकासनगर, लखनऊ व्यापार मंडल का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने की। समारोह में बड़ी संख्या में व्यापारी, गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिससे आयोजन को विशेष गरिमा प्राप्त हुई।कार्यक्रम का संचालन विशाल चौरसिया एवं एडवोकेट पान सिंह भंडारी ने संयुक्त रूप से किया। मुख्य अतिथि के रूप में युवा भाजपा नेता नीरज सिंह की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र, माला एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुआ।

इसके पश्चात अमरनाथ मिश्र, देवेंद्र गुप्ता, अरविंद पाठक, इमरान कुरैशी, नितिन जैन, गोपाल दीक्षित, राकेश मिश्र (पार्षद), अजय सक्सेना, रिंकू यादव, आशीष श्रीवास्तव, परमजीत सिंह, पवन सिंह चौहान एवं आदर्श सिंह का भी सम्मान किया गया।समारोह के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा विकासनगर व्यापार मंडल के नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से संगठन के उद्देश्यों को सर्वोपरि रखते हुए पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। शपथ ग्रहण करने वालों में संरक्षक पद पर एडवोकेट पान सिंह भंडारी एवं मोहम्मद सबाहत, चेयरमैन पद पर डॉ. अनुपम सिंह भंडारी, अध्यक्ष पद पर मोहम्मद शोएब जलाली, वरिष्ठ महामंत्री पद पर मोहम्मद शरीफ सिद्दीकी तथा कोषाध्यक्ष पद पर मोहम्मद अकरम शामिल रहे। इसके अतिरिक्त विभिन्न पदों पर मनोनीत अन्य पदाधिकारियों ने भी संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि व्यापारी समाज देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और हर परिस्थिति में राष्ट्र के साथ खड़ा रहता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि व्यापारी वर्ग की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि संगठन में नए साथियों के जुड़ने से व्यापारी परिवार और अधिक सशक्त एवं संगठित हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विकासनगर व्यापार मंडल क्षेत्र के व्यापारियों की समस्याओं के समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा तथा व्यापारिक गतिविधियों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।समारोह के अंत में उपस्थित व्यापारियों एवं अतिथियों ने नव पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।