वायु शक्ति 2026: IAF का सबसे बड़ा फायरपावर शो



नई दिल्ली - भारतीय वायुसेना ऑपरेशन सिंदूर के बाद पश्चिमी मोर्चे पर अपनी ताकत दिखाने के लिए तैयार है। इसका प्रदर्शन ‘वायु शक्ति 2026’ के तहत 27 फरवरी को राजस्थान के पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में किया जाएगा।

इस अभ्यास में 100 से अधिक विमान भाग लेंगे, जिनमें 77 फाइटर जेट और 43 हेलीकॉप्टर शामिल हैं। सभी विमान घातक हथियारों से लैस होंगे। वाइस चीफ एयर मार्शल नागेश कपूर ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान राफेल ने अन्य विमानों के साथ नायक की भूमिका निभाई थी। वायु शक्ति अभ्यास में राफेल, एसयू-30, मिग-29, तेजस, जगुआर और अन्य लड़ाकू विमान शामिल होंगे। 

एयर मार्शल कपूर ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन सिंदूर से संदेश साफ है- आतंकवाद को सहन नहीं किया जाएगा और किसी भी आतंकवादी कृत्य का जवाब तुरंत दिया जाएगा। सिर्फ वायुसेना ही नहीं, भारतीय सेना भी अपनी मारक क्षमता का प्रदर्शन करेगी। एल-70 गन जैसे अत्याधुनिक हथियारों को भी इस कार्यक्रम में दिखाया जाएगा। वाइस चीफ ने कहा कि वायुसेना जल्द और अधिक आधुनिक लड़ाकू विमानों को शामिल करने की दिशा में काम कर रही है।

इस अभ्यास का उद्देश्य भारतीय वायुसेना की युद्ध के लिए तैयारियों और मारक क्षमता को दुनिया के सामने दिखाना है। कार्यक्रम में मित्र देशों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। यह विशाल अभ्यास हर तीन साल में आयोजित होता है और इसमें सिम्युलेटेड युद्ध परिस्थितियों में सटीक हमले और ऑपरेशनल तैयारियों का प्रदर्शन किया जाता है।