वाराणसी - महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में एक अनूठा और भावपूर्ण नवाचार देखने को मिल रहा है। इस वर्ष महाशिवरात्रि के अवसर पर देश के विभिन्न प्रसिद्ध देवालयों की ओर से भगवान श्री काशी विश्वनाथ महादेव को श्रद्धा स्वरूप उपहार और प्रसाद भेजे जा रहे हैं, जिससे सनातन परंपरा और अधिक समृद्ध हो रही है।
इसी क्रम में श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से भगवान श्री विश्वेश्वर के लिए उपहार और प्रसाद श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास कार्यालय में प्राप्त हुआ। इस पावन भेंट के लिए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के प्रति आभार व्यक्त किया है। माता वैष्णो देवी शक्ति स्वरूप हैं और काशी में स्थित भगवान विश्वनाथ शिव स्वरूप, ऐसे में यह उपहार शक्ति–शिव के शाश्वत संबंध का सुंदर प्रतीक है। यह नवाचार महाशिवरात्रि महोत्सव को नई आध्यात्मिक ऊँचाई देता है। प्राप्त उपहार श्रद्धालुओं के लिए भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक अनुभूति का माध्यम बनेगा। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने यह भी संकल्प व्यक्त किया है कि मां वैष्णो देवी के प्रधान उत्सव पर भगवान विश्वनाथ की ओर से मां वैष्णो देवी को भी उपहार भेजे जाएंगे, जिससे सनातन आस्था के केंद्रों के बीच पुण्य संबंध और सशक्त हों।