अयोध्या/लखनऊ - : अयोध्या को योगी सरकार की ओर से एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है। त्रेता युग से जुड़ा ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल गुप्तार घाट अब ओपन एयर थिएटर के रूप में नई पहचान पाने जा रहा है। पर्यटन विकास के तीसरे चरण के तहत यह परियोजना लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही है और इसे होली तक आम जनता के लिए खोलने की तैयारी है। यहां रामायण से जुड़े प्रसंगों को जीवंत करने के लिए रावण वध, हनुमान और जटायु की भव्य मूर्तियां स्थापित की गई हैं।
थिएटर में एक विशाल स्क्रीन भी लगाई गई है, जहां भगवान राम के जीवन पर आधारित फिल्में और दृश्य दिखाए जाएंगे। मान्यता है कि भगवान राम ने इसी घाट से जल समाधि ली थी और सरयू नदी में अंतिम प्रवेश किया था, इसलिए यह स्थल राम भक्तों के लिए विशेष आस्था का केंद्र है। पार्किंग, पाथवे, टिकट घर, गार्ड रूम, टॉयलेट ब्लॉक, किचन, विद्युतीकरण और हॉर्टिकल्चर का कार्य अंतिम चरण में है। कमिश्नर राजेश कुमार के अनुसार, यह थिएटर रामायण के उन दृश्यों को दिखाएगा, जिन्हें लोग अब तक केवल ग्रंथों में पढ़ते आए हैं।