साइनेज से मुख्य पर्यटन स्थलों के बारे में जानकारी प्राप्त होगी -जयवीर सिंह



  • प्रदेश में ईको पर्यटन की प्रचुर सम्भावनाओं को देखते हुए पर्यटन स्थलों पर 4.89 करोड़ रूपये साइनेज लगाने हेतु स्वीकृत

लखनऊ । उत्तर प्रदेश में ईको पर्यटन की अपार सम्भावनाओं को देखते हुए राज्य सरकार पर्यटक सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है। सर्वविदित है कि बदलते परिवेश में पर्यटन सेक्टर एक रोजगार का सुनिश्चित जरिया बनता जा रहा है। इसमें आमदनी एवं रोजगार सृजन की सम्भावनाओं को देखते हुए निवेशक पर्यटन सेक्टर में निवेश की रूचि दिखा रहे हैं। राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन सेक्टर में हितग्राहियों एवं इससे जुड़े हुए लोगों को आकर्षित करने के लिए नई पर्यटन नीति के तहत तमाम सुविधाएं मुहैया करा रही है। इसी क्रम में लगभग 4.89 करोड़ रूपये की लागत से हैदरपुर, वेटलैंड एवं पीलीभीत टाइगर रिजर्व समेत 06 पर्यटन स्थलों पर साइनेज लगाये जाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए धनराशि जारी कर दी गयी है।

यह जानकारी आज यहां प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि यहां पर्यावरणीय पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। पिछले दिनों विभिन्न देशों से भ्रमण पर आए टूर-ट्रेवेल आपरेटर्स भी प्रदेश में मौजूद नैसर्गिक सौंदर्य को देखकर प्रभावित थे। प्रदेश सरकार इन पर्यटन स्थलों पर पर्यटक सुविधाओं का विकास कर रही है। प्रथम चरण में एक करोड़ रुपये भी जारी किए जा चुके हैं। जयवीर सिंह ने बताया कि योजना के तहत हैदरपुर वेटलैंड बिजनौर, पीलीभीत टाइगर रिजर्व पीलीभीत, सूर-सरोवर पक्षी विहार आगरा, कतरनिया घाट वन्य जीव विहार बहराइच, राजदरी और देवदरी जल प्रपात चंदौली में साइनेज लगाए जाएंगे। इन साइनेज पर मुख्यरूप से पर्यटन स्थलों के बारे में जानकारी रहेगी। नजदीकी पर्यटन स्थलों की दूरी और उनके बारे में जानकारी समेत अन्य सूचनाएं दर्ज होंगी। ये स्थल प्रदेश में पर्यावरणीय या वन्य जीव पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल हैं। यहां बड़ी संख्या में लोग भ्रमण करने के लिए आते हैं।