भारत के महान स्पिनर बिशन सिंह बेदी का 77 वर्ष की उम्र में निधन



नई दिल्ली (डेस्क) - भारत के पूर्व दिग्गज स्पिन गेंदबाज बिशन सिंह बेदी का निधन हो गया है। बिशन सिंह ने 77 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। मिली जानकारी के अनुसार वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे।

वह लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट के कप्तान रहे और दुनिया के धाकड़ स्पिनरों में उनका नाम शामिल किया जाता है। 1970 के दशक में अपनी घूमती गेंदों से बल्लेबाजों को हैरान करने वाले बिशन सिंह ने 22 इंटनरेशनल मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी की। उनका इंटरनेशनल करियर 12 साल का रहा और उन्होंने कई मैचों में भारत को यादगार जीत दिलाई।

बेदी 1990 में न्यूजीलैंड और इंग्लैंड दौरे के दौरान कुछ समय के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के मैनेजर थे। वह राष्ट्रीय चयनकर्ता होने के साथ मनिंदर सिंह और मुरली कार्तिक जैसे कई प्रतिभाशाली स्पिनरों के गुरु भी थे।

बिशन सिंह बेदी का नाम 1970 के दशक में उस स्पिन चौकड़ी में शामिल था जो दुनियाभर के बल्लेबाजों में दहशत भर देता था। प्रसिद्ध चौकड़ी में बेदी, प्रसन्ना, चंद्रशेखर, राघवन शामिल थे।