...और तल्ख हुआ मौसम / पटना समेत 32 जिलों में आसमान से बरस रही आग, राजधानी का पारा 43.4, सामान्य से 6 डिग्री अधिक



पटना. पटना समेत बिहार के 32 जिले गुरुवार को लू की चपेट में रहे। काेसी व सीमांचल के छह जिले सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, मधेपुरा व सहरसा को छोड़कर प्रदेश के सभी 32 जिलाें में 20-22 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से शुष्क पछुआ हवा चली। हीट वेव से लोग बेहाल रहे। पटना का अधिकतम पारा गुरुवार को चालू मौसम में सर्वाधिक रहा। यहां का अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 6 डिग्री अधिक है।

पटना में चालू मौसम में पहली बार अधिकतम पारा नॉर्मल से छह डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। राजस्थान से आ रही गर्म हवा के चलते सूबे के लोगों को राहत नहीं मिल रही है। सूबे में गुरुवार को गया सर्वाधिक गर्म रहा। यहां का अधिकतम पारा 44.7 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 5 डिग्री अधिक हैं। भागलपुर का अधिकतम पारा 39.4, पूर्णिया का 36.4, छपरा का 41.6, मुजफ्फरपुर का 38.4, फारबिसगंज का 34.2 तथा सुपौल का 34.2 डिग्री रहा।