लखनऊ को देश में तीसरा स्थान दिलाने पर महापौर ने जताया आभार, ‘अब लक्ष्य पहला स्थान’



लखनऊ। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में देश भर में तीसरा स्थान हासिल करने के बाद लखनऊ नगर निगम मुख्यालय में शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें महापौर सुषमा खर्कवाल ने इस सफलता को साझा उपलब्धि बताते हुए विभिन्न स्तरों पर मिले सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि लखनऊ की जनता, जनप्रतिनिधियों और शासन-प्रशासन के संयुक्त प्रयासों की जीत है।महापौर ने कहा कि लखनऊ को स्वच्छता में शीर्ष तीन शहरों में लाने के लिए अनेक स्तरों पर योजनाबद्ध और निरंतर प्रयास किए गए।

उन्होंने देश के रक्षा मंत्री व लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सतत समर्थन से नगर निगम को केंद्र से विभिन्न योजनाओं में भरपूर सहयोग मिला। इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार की प्रतिबद्धता और मिशन मोड में स्वच्छता को लेकर किए गए कार्यों ने इस सफलता की नींव रखी।महापौर ने नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा और जनपद प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना के मार्गदर्शन को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इन दोनों मंत्रियों ने समय-समय पर समीक्षा, मार्गदर्शन और प्रशासनिक समन्वय में अहम भूमिका निभाई, जिससे जमीनी स्तर पर कामों में गति और गुणवत्ता आई।महापौर ने आगे की योजनाओं पर बात करते हुए कहा कि अब लखनऊ नगर निगम की प्राथमिकता वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट की स्थापना है, ताकि ठोस कचरे का स्थायी और पर्यावरण हितैषी समाधान संभव हो सके। साथ ही उन्होंने सीवर व्यवस्था में सुधार के लिए जलकल विभाग और नगर निगम के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।पार्षदों की भूमिका की प्रशंसा करते हुए महापौर ने कहा कि “पार्षदगणों की निष्ठा, निगरानी और जागरूकता ने वार्ड स्तर पर स्वच्छता की स्थिति को बेहतर बनाया है।” उन्होंने जनता से भी अपील की कि इस अभियान को जनभागीदारी से और सशक्त बनाया जाए।

महापौर ने स्पष्ट रूप से कहा, “हमारा अगला लक्ष्य देश में पहले स्थान पर आना है। इसके लिए जरूरी है कि हम इस गति को बनाए रखें और हर नागरिक स्वच्छता को अपना निजी उत्तरदायित्व माने।”

प्रेस वार्ता के अंत में महापौर ने लखनऊ की जनता को इस सम्मान का वास्तविक भागीदार बताते हुए आभार प्रकट किया और उनसे भविष्य में भी इसी तरह का सहयोग बनाए रखने की अपील की।