गोरखपुर - गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिछिया क्षेत्र में गोरखपुर विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित कल्याण मंडपम का लोकार्पण किया। 1120 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बने इस आधुनिक भवन का निर्माण 2.46 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इस मंडपम में 300 लोगों के कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं। इसमें एक विशाल हॉल, किचन, स्टोर और महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था उपलब्ध है। प्रदेश सरकार का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को विवाह, तिलक, मुंडन और अन्य सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए किफायती दरों पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज गोरखपुर विकास का मॉडल बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पहले लोग सड़क पर टेंट लगाकर शादी करते थे, लेकिन अब बदलते समय में आधुनिक और व्यवस्थित स्थान की जरूरत है। हर व्यक्ति महंगे होटल का खर्च नहीं उठा सकता, इसलिए न्यूनतम शुल्क पर ऐसी सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।