नई दिल्ली - दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत दिल्ली सचिवालय में ग्रीन ड्राइव पोर्टल का शुभारंभ किया है। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में 70 लाख पौधे लगाने के अभियान के लक्ष्य को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने दिल्ली के हर नागरिक से हरित, स्वच्छ और स्वस्थ राजधानी के लिए इस जन आंदोलन में शामिल होने का आग्रह किया।
नागरिक greendrive.delhivanmahotsav.in पर विशाल पौधारोपण के लिए स्लॉट बुक कर सकते हैं और खुद को पर्यावरण संरक्षक के रूप में पंजीकृत कराकर निकटतम सरकारी नर्सरी से मुफ्त पौधे प्राप्त कर सकते हैं। वृक्ष रथ पहल के अंतर्गत, वन विभाग की विशेषज्ञ टीमें मकानों, संस्थानों, आवासीय कॉलोनियों और अन्य उपयुक्त स्थानों पर पौधे, उपकरण और तकनीकी सहायता प्रदान करके वृक्षारोपण में सहायता करेंगी।