आगरा - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज आगरा के मंडलायुक्त सभागार में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की। समीक्षा बैठक में जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी लंबित परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किये जाने के अधिकारियों को निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरती तो इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने शहर की टूटी सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने, कैंट रेलवे स्टेशन के बाहर सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप हों और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से जुड़े कार्यों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।समीक्षा बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री प्रोफ़ेसर एसपी सिंह बघेल, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, कैबिनेट मंत्री बेबीरांनी मौर्य, सांसद राजकुमार चाहर, राज्यसभा सांसद नवीन जैन सहित सभी जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।