NEET री-एग्जाम : परीक्षा संपन्न... अब नतीजों पर निगाहें



नई दिल्ली : देशभर में 21 जून को NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा सफलतापूर्वक और शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित की गई। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के व्यापक इंतज़ाम किए गए, जिससे परीक्षा प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सकी। 

यह परीक्षा भारत के 551 शहरों में स्थित 5,440 परीक्षा केंद्रों तथा विदेश के 14 केंद्रों पर आयोजित की गई, जिसमें लाखों अभ्यर्थियों ने भाग लिया। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश से पहले एडमिट कार्ड की सघन जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन और सीसीटीवी निगरानी जैसी व्यवस्थाएं लागू की गईं।

इस बार परीक्षा की अवधि 180 मिनट से बढ़ाकर 195 मिनट कर दी गई थी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक पेन-एंड-पेपर मोड में आयोजित की गई, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय देते हुए शाम 6:20 बजे तक परीक्षा देने की अनुमति प्रदान की गई। परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 95 हजार से अधिक परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। इनकी निगरानी राष्ट्रीय, राज्य और मंत्रालय स्तर पर ऑनलाइन माध्यम से की गई। इसके अलावा, किसी भी प्रकार की अनियमितता या संचार गतिविधि को रोकने के लिए 51,311 जैमर भी तैनात किए गए। 

प्रश्नपत्रों और ओएमआर शीट्स की सुरक्षा की जिम्मेदारी इस बार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) को सौंपी गई थी। व्यापक सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।