नई दिल्ली : भारत का रक्षा उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पीएम मोदी के प्रेरणादायक नेतृत्व में भारत का रक्षा उत्पादन हर साल नई ऊंचाइयों को छू रहा है। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि वित्त वर्ष 2025–26 में भारत का सालाना रक्षा उत्पादन बढ़कर 1.78 लाख करोड़ रुपये के अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है।
यह उपलब्धि पिछले वित्त वर्ष के 1.54 लाख करोड़ रुपये के उत्पादन की तुलना में 15.6 फीसदी की शानदार वृद्धि और वित्त वर्ष 2020–21 (जब यह आंकड़ा 84,643 करोड़ रुपये था) के मुकाबले 110फीसदी की जबरदस्त बढ़ोतरी को दर्शाती है। वित्त वर्ष 2013–14 में 43 हजार 746 करोड़ रुपये के मुकाबले स्वदेशी रक्षा उत्पादन लगभग चार गुना बढ़ गया है।
हाल के वर्षों में भारत के रक्षा उत्पादन में हुई उल्लेखनीय वृद्धि, रक्षा उत्पादन विभाग और अन्य सभी संबंधित पक्षों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। यह बढ़ती हुई रफ्तार देश के विस्तार करते रक्षा औद्योगिक आधार का स्पष्ट संकेत है। लगातार नीतिगत समर्थन, कई नई पहलों, निजी क्षेत्र की बढ़ती भागीदारी और निर्यात क्षमताओं में वृद्धि के साथ, रक्षा उत्पादन क्षेत्र आने वाले वर्षों में और तेजी से आगे बढ़ने के लिए तैयार है।