ऑनलाइन हुई उत्तराखंड की सहकारी सेवाएं, सहकारिता विभाग के नये पोर्टल का शुभारंभ



देहरादून : सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज देहरादून में निबंधक सहकारी समितियां कार्यालय के अत्याधुनिक ऑनलाइन पोर्टल का शुभारंभ किया। नव विकसित इस पोर्टल के माध्यम से सहकारी समितियों से जुड़ी सभी सेवाएं अब ऑनलाइन उपलब्ध होंगी, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और कार्यों में तेजी आएगी। 

डॉ रावत ने कहा कि पोर्टल पर सहकारी समितियों का पंजीकरण, दस्तावेज अपलोड, शिकायत एवं सुझाव निस्तारण, नामांकन सत्यापन, वार्षिक प्रतिवेदन, ऑडिट प्रबंधन, सदस्यता संबंधी विवरण, दस्तावेज प्रबंधन और एमआईएस रिपोर्टिंग जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

सहकारिता मंत्री ने कहा कि शीघ्र ही ब्लॉक स्तर पर 100 ऋण मेले लगाये जायेंगे, जिनके माध्यम से किसानों, काश्तकारों, युवाओं और स्वयं सहायता समूहों को ऋण वितरित किया जायेगा, उन्होंने बताया कि इसके लिये विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं। कार्यक्रम में 45 सहायक सहकारी निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किये गए। इस दौरान डॉ. रावत ने कहा कि सहायक निरीक्षक विकसित भारत के युवा ब्रांड एम्बेसडर हैं और सहकारिता आंदोलन को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका होगी।