अमरोहा में ऑपरेशन दहन के तहत 15.5 करोड़ के मादक पदार्थ नष्ट



अमरोहा/ लखनऊ - अमरोहा पुलिस ने "ऑपरेशन दहन" के तहत नशा तस्करी और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में जिले के विभिन्न थानों में दर्ज मामलों से संबंधित बड़ी मात्रा में जब्त मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण कराया गया। 

पुलिस के अनुसार, 47 अभियोगों से जुड़े 20 कुंटल से अधिक मादक पदार्थ नष्ट किए गए। इनमें अवैध डोडा, गांजा, चरस, हेरोइन, नशीली दवाइयां और नशीले पाउडर शामिल थे। इन मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 15 करोड़ 5 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने कहा कि यह कार्रवाई नशा तस्करों और अवैध कारोबार में शामिल अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त नीति को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि अमरोहा पुलिस जिले को नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध व्यापार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।