डायरिया केस की रिपोर्टिंग पोर्टल पर जरूर करें निजी अस्पताल : डॉ. बेलवाल



  • निजी अस्पतालों में निश्चित रूप से बनाये जाएँ ओआरएस कॉर्नर
  • पब्लिक प्राइवेट इंटरफेस बैठक में 17 निजी अस्पतालों के प्रतिनिधियों ने लिया भाग   

मुरादाबाद । स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में पब्लिक प्राइवेट इंटरफेस बैठक आयोजित की गयी, जिसमें 14 निजी चिकित्सकों और 17 निजी अस्पतालों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के तहत पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केनव्यू के सहयोग से बैठक आयोजित की गयी।

बैठक में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार बेलवाल ने सभी निजी अस्पतालों के प्रतिनिधियों से कहा कि डायरिया केस की रिपोर्टिंग हेल्थ मैनेजमेंट इनफार्मेशन सिस्टम (एचएमआईएस) पोर्टल पर अनिवार्य रूप से करें। इसके साथ ही सभी निजी चिकित्सालय अपने यहाँ ओआरएस कॉर्नर बनाना भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि फ्रंटलाइन वर्कर्स को डायरिया प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जा चुका है, वह क्षेत्र भ्रमण के दौरान डायरिया के लक्षण वाले मामलों पर निगाह रखें और समुदाय को डायरिया के बारे में जागरूक बनाएं ।

बैठक में इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स के अध्यक्ष डॉ. सुनील खट्टर ने कहा कि डायरिया से संबंधित जागरूकता गतिविधियां हाई रिस्क एरिया में जरूर करवाई जाएं जिससे जनमानस को लाभ मिल सके। बैठक में पीएसआई इंडिया की कोमल घई ने स्टॉप डायरिया कैंपेन (डायरिया रोको अभियान) के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही नेशनल फेमिली हेल्थ सर्वे (एनएफएचएस) का आंकड़ा भी साझा किया।  बैठक में मण्डलीय अनुश्रवण एवं मूल्यांकन अधिकारी देवेंद्र सैनी ने एचएमआईएस पोर्टल पर रिपोर्ट किस तरह फीड करनी है, उसके बारे में जानकारी दी।

बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधक रघुबीर सिंह, जिला कम्युनिटी प्रोसेस प्रबंधक चंद्रशेखर, अर्बन हेल्थ कोऑर्डिनेटर प्रमोद कुमार, निजी चिकित्सालयों के चिकित्सक एवं प्रबंधक, पीएसआई इंडिया से मोहम्मद रिजवान एवं ममता सैनी आदि मौजूद रहे।