यूपी में सिपाही भर्ती परीक्षा आज से शुरू



  • भर्ती परीक्षा को लेकर नागरिक सुरक्षा अलर्ट, स्टेशन और बस अड्डों पर सहायता केंद्र संचालित

लखनऊ - उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती-2025 की तीन दिवसीय लिखित परीक्षा आज से शुरू हो गई है। यह परीक्षा 8, 9 और 10 जून को उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में आयोजित की जा रही है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 32,679 पदों के लिए 28,86,797 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। परीक्षा के लिए पूरे प्रदेश में 1,183 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें उत्तर प्रदेश के साथ-साथ अन्य राज्यों के अभ्यर्थी भी शामिल हो रहे हैं।

परीक्षा हर दिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहले दिन की पहली पाली की परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो चुकी है। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। हर पाली में लगभग 4.81 लाख अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं।

परीक्षा को सुचारु रूप से कराने के लिए पुलिस विभाग और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षक और पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था भी की गई है।

भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों की मदद को आगे आई नागरिक सुरक्षा : जिले में आयोजित हो रही भर्ती परीक्षा के मद्देनज़र नागरिक सुरक्षा की टीमों ने बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन पर विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किए हैं। इन हेल्प डेस्कों के माध्यम से दूर-दराज़ से आने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने, परिवहन संबंधी जानकारी प्राप्त करने तथा अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इन टीमों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परीक्षा में शामिल होने वाले किसी भी अभ्यर्थी को जानकारी के अभाव या अन्य कठिनाइयों के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े। नागरिक सुरक्षा की यह पहल अभ्यर्थियों के लिए राहत और सहयोग का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है।

इस पूरी भर्ती प्रक्रिया की निगरानी उत्तर प्रदेश पुलिस कर रही है। सरकार की ओर से परीक्षा के लिए बड़े स्तर पर व्यवस्था की गई है, जिसमें अतिरिक्त बसों का संचालन भी शामिल है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभ्यर्थियों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए एडमिट कार्ड दिखाने पर बस किराए में 50 प्रतिशत छूट देने की घोषणा की है।