उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक और समकक्ष पदों के लिये कल से 10 जून तक आयोजित होगी भर्ती परीक्षा



  • पूर्वोत्तर रेलवे ने गोरखपुर और लखनऊ जंक्शन के बीच चलाई दो विशेष ट्रेनें

लखनऊ  उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक और समकक्ष पदों के लिये कल से 10 जून तक 75 जिलों में 1180 केंद्रों पर तीन दिवसीय लिखित परीक्षा आयोजित की जायेगी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड के अपर सचिव भर्ती सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया है कि ये परीक्षाएं दो पालियों में होंगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित की जाएगी।  भर्ती परीक्षा में 32 हजार से अधिक पदों के लिए तीस लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की भागीदारी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे ने गोरखपुर और लखनऊ जंक्शन के बीच दो विशेष अनारक्षित ट्रेन चला रहा  है, इससे अभ्यर्थी बिना टिकट बुकिंग के आसानी से यात्रा कर सकेंगे।

वहीं परिवहन निगम रियायती दरों पर परीक्षार्थियों को सेवा उपलब्ध करायेगा।  प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षित आवागमन एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा व्यापक तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं।  परिवहन मंत्री ने कहा कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए उन्होंने निगम के समस्त क्षेत्रीय प्रबंधकों एवं सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को विशेष निर्देश जारी करने का निर्देश प्रबंध निदेशक को दिया है। मंडल एवं जनपद स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित किया जाए।  उन्होंने बताया कि प्रमुख बस स्टेशनों पर परीक्षा सहायता डेस्क स्थापित किए जाएं, जहां अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए। परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए आवश्यकतानुसार बसों का अस्थायी रूट डायवर्जन एवं अतिरिक्त बसों का संचालन भी किया जाए।