गाजीपुर मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश कमलेश चौधरी ढेर



गाज़ीपुर(डेस्क) - गाजीपुर में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी अपराधी कमलेश चौधरी मारा गया। यह मुठभेड़ सदर कोतवाली क्षेत्र के कुर्था गांव में हुई। 

पुलिस को सूचना मिली थी कि विनीत राय हत्याकांड का आरोपी कमलेश चौधरी इलाके में मौजूद है। इसके बाद पुलिस की कई टीमों ने उसकी घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देखकर कमलेश चौधरी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा के हाथ में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गए। वहीं पुलिस की जवाबी फायरिंग में कमलेश चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए गाजीपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल रोहित मिश्रा का इलाज चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। 

बता दें कि कमलेश चौधरी 29 मई को हुए विनीत राय हत्याकांड में वांछित था। इस मामले में उसके सहित कई आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, उस पर हत्या सहित गंभीर अपराधों के सात मुकदमे दर्ज थे।